रांची : प्रदेश भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी गजेन्द्र पटेल को बनाया गया है। उनके साथ इस बार दो सह प्रभारियों की भी घोषणा हुई है, इनके नाम हैं – सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह। गजेंद्र सिंह मध्य प्रदेश के रहनेवाले हैं। पटेल का जन्म 16 फरवरी 1975 को मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में हुआ था। उनके पिता उमराव सिंह पटेल और माता सुशीला बाई पटेल हैं। उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई की है। पेशे से कृषि से जुड़े गजेंद्र पटेल लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं। उनकी पत्नी का नाम बसंती पटेल है और उनके दो पुत्र हैं। गजेंद्र पटेल का राजनीतिक जीवन सीधे चुनावी राजनीति से शुरू नहीं हुआ। वे बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा से जुड़े रहे। 1990 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से उन्होंने संगठनात्मक काम शुरू किया। इसके बाद युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई। यही लंबा संगठनात्मक अनुभव उन्हें भाजपा के महत्वपूर्ण नेताओं में शामिल करता है।

गजेंद्र पटेल ने भाजपा संगठन में कई अहम पद संभाले। 2017 में वे मध्य प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने। इसके बाद प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2021-22 के दौरान वे भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रहे और आदिवासी क्षेत्रों में संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाई। श्री पटेल मध्य प्रदेश के खरगोन से दूसरी बार सांसद चुने गए हैं और संसद में उनकी उपस्थिति 97 फीसदी रही है।


