
कोहिमा : नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने कहा है कि प्रत्येक रक्तदाता मानवता का सच्चा प्रहरी होता है। रक्तदान केवल एक चिकित्सीय आवश्यकता की पूर्ति नहीं, बल्कि मानवता के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सर्वोच्च प्रतीक है। वे विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर कोहिमा के कैपिटल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदाताओं के अद्वितीय एवं प्रेरणादायी योगदान को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी अजनबी के जीवन में नई आशा, नया विश्वास और नया जीवन संचारित कर सकता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वैच्छिक रक्तदान को जनकल्याण का जनआंदोलन बनाएं और समाज में सेवा, समर्पण एवं सह-अस्तित्व की भावना को सशक्त करें। कार्यक्रम कोहिमा जिला योजना और विकास बोर्ड की ओर से तथा वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन नागालैंड के सहयोग से आयोजित किया गया था।

