
रांची : महुआडांड़ (लातेहार) प्रखंड मुख्यालय से लगभग 15 किमी दूर स्थित बेलवार गांव के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के लिए प्रशासन की गुहार लगा रहे हैं। गांव के करीब 70 परिवार बरसात के मौसम में बेलवार नदी पर पुल न होने से आवागमन की समस्या से जूझते हैं। साथ ही शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी ग्रामीणों की प्रमुख मांग है। ग्रामीणों ने बताया कि जून से सितंबर तक नदी का जलस्तर बढ़ने पर गांव की पहुंच मुख्य मार्ग तक कठिन हो जाती है। आपात स्थिति में मरीजों को ले जाने के लिए ग्रामीणों को 6 किमी तक पैदल चलना पड़ता है। गांव में स्थापित सोलर जलमीनार पिछले कुछ वर्षों से खराब है। चापाकल भी फिलहाल काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण नदी के पानी पर निर्भर हैं। ग्रामीण बताते हैं, पीने के पानी के लिए स्थायी व्यवस्था हो जाए तो बड़ी राहत मिलेगी। बरसात में बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि ‘हर घर जल योजना’ और ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ जैसी योजनाओं का लाभ अभी गांव तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि गांव में नदी पर पुल निर्माण और जलमीनार की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए। ग्रामीणों ने कहा, -“हम सरकार और प्रशासन से विनम्र निवेदन करते हैं कि हमारी दो बुनियादी जरूरतों – पुल और पानी – पर जल्द ध्यान दिया जाए। इससे गांव के बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्याओं का संज्ञान लेकर जल्द उचित कदम उठाएगा, ताकि बेलवार गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।

