डेस्कः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पारा इलाके में आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास सुबह करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे के वक्त बस में 53 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि 22 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है।

चालक पर नशे में बस चलाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, बस राजस्थान के भिवानी से बिहार के छपरा जा रही थी। यात्रियों ने आरोप लगाया कि राजस्थान से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे तक के सफर के दौरान चालक और परिचालक ने कई जगह रुककर शराब पी थी। यात्रियों का दावा है कि चालक नशे की हालत में था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस जीरो पॉइंट के पास बेकाबू हो गई और गहरी खाई में पलट गई।

मौके पर पहुंचा प्रशासन, बच्चों और यात्रियों को सुरक्षित निकाला
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीसीपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। वहीं, सरोजनीनगर के अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) सुमित प्रताप सिंह ने फायर सर्विस कर्मियों के साथ बचाव अभियान की कमान संभाली। खाई में पलटी बस के अंदर फंसे बच्चों और अन्य यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।


