
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित होने वाली झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 (विज्ञापन संख्या 08/2025) के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने की। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, गश्ती-सह-जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्र अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान परीक्षा संचालन से जुड़े सभी मानकों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
झारखंड लोक सेवा आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 का आयोजन 14 जून रविवार को रांची जिले के पांच उप-केंद्रों पर एक ही पाली में की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, चिकित्सा सुविधाएं, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय ने कहा कि यह परीक्षा राज्य के युवाओं के भविष्य से जुड़ी है और इसे पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांति के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया।

