
रांची : रांची के लिए खुशी और गर्व की खबर सामने आई है। रांची जिला क्रिकेट संघ की अंडर-19 महिला खिलाड़ी के रूप में कुमारी पलक का चयन भारतीय क्रिकेट टीम में हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक कुछ समय के बाद श्रीलंका टीम का भारत दौरा होने वाला है। उसी दौरान होने वाले एकदिवसीय मैच और टी-20 के लिए कुमारी पलक का चयन किया गया है।
कुमारी पलक देवघर जिले की रहने वाली हैं, लेकिन अभी वह रांची में रहकर पढ़ाई के साथ क्रिकेट खेलती हैं। रांची में वह 14 वर्षों से परिवार के साथ रह रही हैं। पलक के पिता इस दुनिया में नहीं हैं और उनकी मां श्रीमती संगीता भगत महिला थाना में कार्यरत हैं। उनकी माता ने हमेशा उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया और उनका हौसला बढ़ाया, जिसका नतीजा आज उन्हें देखने को मिला। यह सिर्फ उनकी मां के लिए गर्व की बात नहीं है, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व और खुशी की बात है।
पलक ने क्रिकेट खेलने की शुरुआत ओरमांझी क्रिकेट क्लब से की थी। उनके कोच पंकज कुमार महतो हैं और वह आज भी उन्हीं के मार्गदर्शन में क्रिकेट खेल रही हैं। पलक रांची जिला क्रिकेट संघ की ओर से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। उनकी मेहनत और अच्छे प्रदर्शन का इनाम आज उन्हें मिला है। इस सफलता पर आरडीसीए और जेएससीए ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

