
चतरा : चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र की जबड़ा पंचायत स्थित गंगटा गांव से एक दुखद घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह 20 वर्षीय आसमा खातून उर्फ गुड़िया ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। वह मो. खालिक की पुत्री थी। जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान युवती अपने चाचा मो. जाकिर के नवनिर्मित मकान में गई और दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।
मृतका के पिता मो. खालिक ने थाना में आवेदन देकर गांव के ही मो. आजम और उसके पिता मो. अयूब अंसारी पर बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि पिछले दो वर्षों से उनकी बेटी और मो. आजम के बीच प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले शादी से इनकार किए जाने के बाद युवती मानसिक तनाव में रहने लगी थी। परिजनों का कहना है कि बदनामी के डर और मानसिक दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया। थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

