
रांची: शादी की सालगिरह को यादगार बनाने के लिए रांची पहुंचे एक दंपती के साथ ऐसी घटना हो गई, जिसने उनकी खुशियों पर पानी फेर दिया। राजधानी के व्यस्त मेन रोड इलाके में बदमाशों ने उनकी कार का शीशा तोड़कर गहना व नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक जमशेदपुर निवासी रोहित गुप्ता अपनी पत्नी के साथ शादी की सालगिरह मनाने रांची आए थे। इस दौरान वे मेन रोड स्थित भारत बेकरी से केक खरीदने पहुंचे। दंपती ने अपनी कार सड़क किनारे लॉक कर दी। कुछ देर के लिए दुकान के अंदर चले गए। जब दोनों केक लेकर वापस लौटे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कार के पिछले हिस्से का शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा हैंडबैग गायब था। अचानक हुई इस घटना से दंपती घबरा गए। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित दंपती के अनुसार बैग में सोने के झुमके समेत अन्य आभूषण रखे हुए थे। इसके अलावा करीब पांच हजार रुपये नकद भी बैग में मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि काफी खोजबीन के बाद भी न तो बैग मिला और न ही बदमाशों का कोई पता चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पीड़ित की शिकायत पर लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
मेन रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमुख बाजार क्षेत्रों में हमेशा भीड़ रहने के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से चल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

