कॉलेज जा रही 16 साल की छात्रा के अपहरण की कोशिश, चलती ऑटो से कूदकर बचाई जान

रांची के चान्हो में कॉलेज जा रही 16 वर्षीय छात्रा ने अपहरण और छेड़छाड़ की कथित कोशिश के बीच चलती ऑटो से कूदकर जान बचाई, आरोपी चालक गिरफ्तार किया गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: चान्हो में शनिवार सुबह एक 16 वर्षीय छात्रा की सूझबूझ और हिम्मत ने उसे बड़ी मुसीबत से बचा लिया। कॉलेज जाने के लिए घर से निकली छात्रा को कथित तौर पर एक ऑटो चालक ने झांसे में लेकर गलत दिशा में ले जाना शुरू कर दिया। स्थिति गंभीर होती देख छात्रा ने चलती ऑटो से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार सुबह करीब 8:15 बजे की है। छात्रा घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी मदरसा चौक से चान्हो स्थित कॉलेज जाने के लिए एक ऑटो में बैठी। उसे चान्हो में उतरना था, लेकिन ऑटो चालक ने वहां वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में मांडर की ओर बढ़ने लगा।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि आरोपी पहले भी छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर चुका था। शनिवार को उसने रास्ते में छात्रा को रोका और कॉलेज छोड़ने का भरोसा देकर ऑटो में बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद चालक ने ऑटो में उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो चालक ने जरूरी बात करने का बहाना बनाया और उसे लगातार मांडर की ओर ले जाने लगा। इस दौरान छात्रा घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।

मांडर टोल प्लाजा के पास एक ब्रेकर पर जैसे ही ऑटो की रफ्तार कम हुई, छात्रा ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। बाहर निकलते ही उसने शोर मचाया और टोल प्लाजा के कर्मचारियों से मदद मांगी। छात्रा की आवाज सुनकर टोल कर्मी तुरंत सक्रिय हुए। उन्होंने ऑटो चालक को पकड़ लिया उसे मांडर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान अफसर अंसारी के रूप में हुई है। वह लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के लालपुर गांव का रहने वाला बताया गया है। छात्रा के बयान के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ चान्हो थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।