
झारखंड: झारखंड में मानसून की एंट्री होने वाली है उससे पहले ही प्री मानसून में ही जोरदार बारिश औऱ तेज हवाओं का असर देखा जा सकता है। राज्य में बारिश के दौरान वज्रपात से अभी ही कई लोगों की जान चली गई है। आंकड़ों की मानें तो झारखंड के कई जिलों में शनिवार को बारिश के दौरान वज्रपात से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए।
मौसम विभाग के अनुसार, कहीं मानसूनी बारिश हुई तो कहीं प्री मानसून का असर दिखा। इस दौरान कई जिलों में आंधी चलने की भी सूचना है। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल।
वज्रपात से रांची के ठाकुरगांव के काटमकुली में एक महिला की मौत हो गई। रांची के ही कांके प्रखंड के एक गांव में एक पुरुष की मौत हो गई। उधर, गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड के घोसकेडीह में 10 वर्षीय एक बच्चे अभिनीत राज की मौत हो गई, एक अन्य घायल है। गढ़वा के केतार थानांतर्गत मुकुंदपुर गांव के मायर टोला में वज्रपात से 65 साल के बुजुर्ग राम अवतार पाल की मौत हो गई। इसी जिले के खरौंधी में महिला की मौत हो गई है। सरायकेला के राजनगर में वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई। वहीं दादा और पोती घायल हैं। उधर, चतरा जिले के एक गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई। उधर, जामताड़ा के करमाटांड़ में 10 साल के बच्चे की मौत, पिता और दो भाई घायल हैं।

