नगर आयुक्त ने किया प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण, साफ-सफाई और सुरक्षा के कड़े निर्देश

आगामी छठ महापर्व को लेकर रांची नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने प्रमुख छठ घाटों का किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई, सुरक्षा और जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए कड़े निर्देश।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर रांची नगर निगम द्वारा शहर के सभी छठ घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज 31 अक्टूबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के वरीय अधिकारियों के साथ शहर के चार प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अरगोड़ा तालाब, बटन तालाब (डोरंडा), स्वर्णरेखा नदी घाट (नामकुम) और सिरमटोली/ तिरिल तालाब (कोकर) की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित घाटों की साफ-सफाई, जल की गुणवत्ता, सुरक्षा, अतिक्रमण, प्रकाश व्यवस्था और सिविल वर्क्स का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने संबंधित छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर आवश्यक सुझाव लिए और आश्वस्त किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी छठ घाटों पर उच्चस्तरीय सफाई सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त मैनपावर लगाया जाए और विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही, महापर्व से पूर्व घाटों पर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक घेराबंदी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

घाटवार दिए गए प्रमुख निर्देश

अरगोड़ा तालाब: तालाब के चारों ओर स्थित बाउंड्री के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, आवश्यक घेराबंदी, सिविल वर्क्स, पेंटिंग और अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती कर परिसर को स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए गए। जल की शुद्धता के लिए फिटकरी, ई-बॉल और ब्लीचिंग पाउडर का प्रयोग करने तथा गंदे पानी के बहाव को तुरंत बंद कराने को कहा गया है।

बटन तालाब (डोरंडा): सिविल वर्क्स, पेंटिंग, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था और जल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए गए।

स्वर्णरेखा नदी घाट (नामकुम): पोकलेन मशीनों के माध्यम से तुरंत सफाई शुरू कराने, नदी में जमा अतिरिक्त गाद हटाने, घासों की कटाई और संपर्क पथों की सघन सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

तिरिल तालाब (कोकर): जल की शुद्धता के लिए ब्लीचिंग पाउडर आदि का प्रयोग, छोटे-छोटे सिविल वर्क्स को शीघ्र पूर्ण करने तथा स्टोन डस्ट का उपयोग कर संपर्क पथों का समतलीकरण करने को कहा गया है।
पूजा समितियों से अपील

सक्रिय सहभागिता: नगर आयुक्त ने सभी छठ पूजा समितियों से विशेष स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करने की अपील की है, ताकि शहर के सभी घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।

डॉग रेस्क्यू ऑपरेशन: छठ महापर्व पर शहर के प्रमुख छठ घाटों और संपर्क पथों पर विशेष डॉग रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवागमन मार्गों पर स्ट्रीट डॉग्स से श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

अवैध बुकिंग पर कार्रवाई: छठ घाटों पर किसी व्यक्ति द्वारा अपना नाम, मोबाइल नंबर लिखकर या अवैध बुकिंग के माध्यम से स्थान पर एकाधिकार स्थापित करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा पाए जाने पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना निगम के टोल फ्री नंबर 18006701235 पर दें।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।