
रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे बने पुल के नीचे रविवार सुबह एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मनोरंजन सिंह के रूप में हुई है, जो धुर्वा पानी टंकी स्थित महावीर मंदिर के समीप का निवासी बताया जा रहा है।
स्थानीय पार्षद परमेश्वर सिंह ने बताया कि सुबह उन्हें क्षेत्रवासियों से पुल के नीचे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत किसी हादसे के कारण हुई है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

