
पटना : बिहार की राजधानी पटना स्थित पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों द्वारा ट्रेन में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी किए जाने की सूचना है। पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसके अलावा चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज भी किया गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। बड़ी संख्या में छात्र मद्य निषेध विभाग की परीक्षा देने के लिए यात्रा कर रहे थे। ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने स्टेशन परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया।
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि कुछ लोग ट्रेन व्यवस्था से संबंधित मुद्दों को लेकर विरोध कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की थी और दो स्पेशल ट्रेनें पहले से स्टेशन पर मौजूद थीं। आईजी ने कहा कि यात्रियों, रेलवे संपत्ति और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों को स्टेशन परिसर से हटा दिया गया। प्रशासन के अनुसार, स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और रेलवे सेवाएं फिर से सामान्य रूप से संचालित होने लगी हैं। स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

