
महुआडांड़ (लातेहार) : महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार के एक काम की मिसाल पूरे जिले में दी जा रही है। सड़क हादसों में हो रही मौतों को रोकने के लिए उन्होंने महुआडांड़ के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल-डीजल’ का नियम सख्ती से लागू करवा दिया।
नियम लागू होने के बाद से महुआडांड़ की सड़कों पर नजारा ही बदल गया है। अब बिना हेलमेट के पेट्रोल पंप पहुंचने वालों को तेल नहीं मिल रहा। मजबूरन लोग हेलमेट पहनकर निकल रहे हैं। सिर्फ एक सप्ताह में हेलमेट पहनने वालों की संख्या 80% से ज्यादा हो गई है।
थाना प्रभारी की अपील पर सभी पेट्रोल पंप संचालकों ने नियम को सख्ती से माना है। हर पंप पर ‘बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा’ के बोर्ड लगा दिया गया हैं। संचालकों का कहना है, “थाना प्रभारी की सोच से हम भी सहमत हैं। जान है तो जहान है।”
मनोज कुमार की इस पहल की चर्चा प्रखंड से लेकर लातेहार जिला मुख्यालय तक हो रही है। स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन थाना प्रभारी को बधाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है, “चालान से नहीं, जागरूकता से बदलाव लाया जाता है। मनोज कुमार ने ये साबित कर दिया।”
वहीं, थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा, “मेरा मकसद किसी को परेशान करना नहीं है। रोज हेलमेट न होने से युवा हादसों में जान गंवा रहे थे। एक हेलमेट पूरा परिवार बचा सकता है। जनता के सहयोग से महुआडांड़ को हम जीरो एक्सीडेंट जोन बनाएंगे।महुआडांड़ पुलिस की इस पहल को अब पूरे जिले में लागू करने की मांग उठने लगी है।

