
International Yoga Day 2026 : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर झारखंड के सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर राज्यभर के लगभग 35 हजार विद्यालयों में 16 जून से पांच दिवसीय कॉमन योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 20 जून तक चलेगा, जिसके बाद 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। इसी थीम को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय कर्मियों को योग के महत्व और उसके लाभों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देशानुसार सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में प्रतिदिन सुबह 7:17 बजे से 8:00 बजे तक योगाभ्यास कराया जा रहा है। इस राज्यव्यापी कार्यक्रम में करीब 45 लाख छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक, शिक्षिकाएं और शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी नियमित रूप से योगाभ्यास में शामिल हो रहे हैं।
शिक्षा विभाग का मानना है कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर योग को नियमित गतिविधि के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है।
योग कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए राज्य, जिला, प्रखंड और संकुल स्तर पर शारीरिक शिक्षा शिक्षकों एवं नामित नोडल शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यालयों में विद्यार्थियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की प्रक्रियाओं का अभ्यास करा रहे हैं, ताकि पूरे राज्य में योग गतिविधियों का संचालन एक समान तरीके से हो सके।
इसके साथ ही 17 जून तक सभी विद्यालयों में सात सदस्यीय योग क्लब का पुनर्गठन किया जाएगा। इस क्लब में प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षा शिक्षक या नोडल शिक्षक, बाल संसद के प्रतिनिधि तथा योग में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा। क्लब का उद्देश्य विद्यालयों में नियमित योग गतिविधियों को बढ़ावा देना होगा।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि योग क्लब के माध्यम से प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन पहली घंटी से पहले दो मिनट का ध्यान भी कराया जाएगा। प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को विद्यालय स्तर पर योग प्रतियोगिता आयोजित करने की भी योजना है।
विभाग का मानना है कि यह पहल विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित करने और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

