
Jharkhand Rajya Sabha Election: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के सभी विधायकों को मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और चुनाव के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि सभी विधायकों को यह समझाया गया है कि राज्यसभा चुनाव में किस प्रकार मतदान करना है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी विधायक अनुशासन के साथ मतदान करेंगे और किसी तरह की भ्रम की स्थिति नहीं है।
वहीं झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि राज्यसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं के साथ भी बैठक हुई है। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय बना हुआ है और बैठक काफी सकारात्मक एवं सार्थक रही। गठबंधन के सभी घटक दल चुनाव में एकजुट होकर अपने उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद नासिर हुसैन ने भी बैठक के बाद गठबंधन की स्थिति को मजबूत बताते हुए कहा कि आंकड़े पूरी तरह उनके पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों की संख्या और गठबंधन की मजबूती यह स्पष्ट कर रही है कि चुनाव परिणाम को लेकर किसी प्रकार की आशंका नहीं है।
राज्यसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार अपने विधायकों के साथ बैठकें कर रहे हैं। चुनाव में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण माना जा रहा है, इसलिए विधायकों को मतदान प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी देने के साथ-साथ पार्टी लाइन के अनुसार मतदान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव भले ही प्रत्यक्ष चुनाव न हो, लेकिन इसके जरिए दलों की एकजुटता और राजनीतिक ताकत का भी प्रदर्शन होता है। ऐसे में कांग्रेस और महागठबंधन अपने सभी विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
अब सभी की निगाहें मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हैं, जहां यह साफ होगा कि राजनीतिक दलों के दावे कितने मजबूत साबित होते हैं।

