रांची: मानसून को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम द्वारा शहरभर में नालियों की सफाई के लिए अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों के संकरी गलियों, मोहल्लों और संवेदनशील जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों में जाम नालियों की सफाई कराने के साथ गाद निकासी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। निगम द्वारा पहली बार चार स्किड लोडर (मिनी जेसीबी) मशीनों को विशेष रूप से लगाया गया है, जो संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से पहुंचकर कर नालियों की सफाई कर रही हैं। इन मशीनों की मदद से वर्षों से जमी गाद, प्लास्टिक कचरा और अवरोधों को तेजी से हटाया जा रहा है, जिससे जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में काफी सहायता मिल रही है। स्किड लोडर मशीन से बंद नालियों को फंक्शनल करने और अस्थायी नाली निर्माण करने का भी कार्य किया जा रहा है।

उक्त मशीनों द्वारा वार्ड संख्या 18 लोहराकोचा, वार्ड 14 राम मंदिर चुटिया के निकट, वार्ड 12 कांटाटोली और आसपास की गलियों, वार्ड 19 धोबीघाट, वार्ड 26 हरमू क्षेत्र, वार्ड 28 मधुकम, वार्ड 30 अलकापुरी, वार्ड 33, ओटीसी ग्राउंड के पास, वार्ड 35, अरगोड़ा तालाब के पास, करमटोली, किशोरगंज और कुसुम बिहार क्षेत्र की कई संकरी गलियों में नालियों की सफाई का कार्य किया गया है। टीम लगातार फील्ड में कार्यरत हैं ताकि बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या को कम किया जा सके। अभियान के दौरान निकाली जा रही गाद और कचरे का त्वरित उठाव भी सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि दोबारा नालियां अवरुद्ध न हों।
इसके अलावा रांची नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नालियों में प्लास्टिक, ठोस कचरा और निर्माण सामग्री न फेंके। स्वच्छ और जलजमाव मुक्त रांची बनाने में निगम का सहयोग करें। किसी भी क्षेत्र में जाम नालियों की समस्या हेतु निगम के टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क किया जा सकता है।


