
शिमला : अल-नीनो के डर के बीच हिमाचल में मानसूनी फुहारें जल्द ही दस्तक देंगी। मौसम विभाग के अनुसार हिमालय क्षेत्र में 18 जून से ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। ये प्री मौनसून की शुरुआत हो सकती है। विभाग ने इसके प्रभाव से 18 जून को ही राज्य के 5 जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि, वर्षा, अंधड़ और आंधी तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि राज्य के किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों को छोड़कर शेष जिलों में वर्षा, आंधी तूफान, ओलावृष्टि और अंधड का येलो अलर्ट रहेगा।
इस बीच हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर वर्षा का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। इसके चलते राज्य के लोगों को प्रचंड गर्मी से हल्की राहत मिल रही है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में जोरदार गिरावट आई है। ऊना में आज अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि शिमला में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में मंगलवार को दोपहर बाद हल्की वर्षा भी हुई। शिमला जिला के ऊपरी क्षेत्रों, सोलन, सिरमौर, मंडी और कुल्लू जिला के कुछ क्षेत्रों में भी आज दोपहर बाद गरज चमक के साथ हल्की वर्षा हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है।

