
रांची: राजधानी रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित ओसीसी कंपाउंड में बुधवार की सुबह श्रीपति लाल अपार्टमेंट में आग लग गई। आग लगने की खबर मिलते ही अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को लेकर बताया जा रहा कि अपार्टमेंट के बेसमेंट के पास लगे बिजली मीटर और लिफ्ट से जुड़े हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते वहां से धुआं निकलने लगा। धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने बिना देर किए फायर ब्रिगेड और पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना सुबह 5 बजे की बताई जा रही है।
इधर सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और डेली मार्केट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

