ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत आरपीएफ ने मुरी स्टेशन पर शराब की खेप पकड़ी, बिहार ले जाकर खपाने की थी तैयारी

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट मुरी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुरी रेलवे स्टेशन से अवैध शराब की खेप बरामद की है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 23 जून को मुरी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अवैध वस्तुओं, दलालों, असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नए फुट ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति सफेद रंग का भारी बोरा लेकर संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया।

संदेह होने पर आरपीएफ जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बिंदेश्वर यादव (64 वर्ष) शफीपुर जिला पटना बताया। तलाशी लेने पर उसके बोरे से 79 पाउच और केन अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था। इसके बाद आरपीएफ ने उसे गिरफ्तार कर जब्त शराब के साथ आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग रांची को सौंप दिया। अभियान की सफलता में आरपीएफ पोस्ट मुरी के एएसआई एसके सिंह, अवनीश सिंह और फ्लाइंग टीम रांची के उपनिरीक्षक रवि शेखर सहित अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।