


चांडिल : टाटा-रांची मुख्य मार्ग NH-33 पर सोमवार को लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। चांडिल थाना क्षेत्र में चिलगु गांव से शहरबेड़ा गांव तक वाहनों की लंबी कतार देखी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, वन-वे किए गए मार्ग पर एक वाहन खराब हो जाने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। संकरा रास्ता होने के चलते दोनों ओर से वाहनों का दबाव बढ़ गया और देखते ही देखते कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।





जाम के कारण टाटा-रांची मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन रुक-रुककर और बेहद धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि खराब वाहन को सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास जारी है। वाहन हटने के बाद ही इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

