


रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा की टीम का गठन पूरा होने के बाद अब संगठन प्रभारी की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी टीम पूरी कर ली है और अब विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के अध्यक्ष अपनी-अपनी टीमों का गठन करेंगे। हाल ही में घोषित भाजपा की राष्ट्रीय टीम में झारखंड के प्रदीप वर्मा को स्थान मिला है। सांगठनिक व्यवस्था के तहत अब पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा राज्य को एक नया संगठन प्रभारी सौंपा जाएगा, जिसके तहत किसी राष्ट्रीय महासचिव या किसी बेहद अनुभवी नेता को झारखंड का प्रभार मिलने की संभावना है।





इस पद के लिए सुनील बंसल और हरीश द्विवेदी के नामों की प्रमुखता से चर्चा हो रही है। सुनील बंसल इससे पूर्व उत्तर प्रदेश और बंगाल में अपनी सांगठनिक क्षमता का लोहा मनवा चुके हैं, जबकि मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा या पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के किसी अनुभवी नेता का नाम भी रेस में माना जा रहा है। केंद्रीय नेतृत्व इसी माह यानी सितंबर में नए संगठन प्रभारी के नाम की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। चूंकि झारखंड में अगले तीन वर्षों के भीतर विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी पिछले दो बार से सत्ता से बाहर है, इसलिए नए संगठन प्रभारी की मुख्य भूमिका कार्यकर्ताओं में जीत का नया उत्साह जगाने और चुनावी रणनीति को मजबूत करने की होगी।
