
रांची: रांची के कोतवाली थाना पुलिस ने रैपिडो चालक से लूटपाट की घटना का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई यामाहा R15 मोटरसाइकिल, घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का फोल्डिंग चाकू, एक स्मार्टफोन और एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 26 जून की देर रात करीब एक बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ालाल स्ट्रीट के पास रैपिडो चालक प्रताप कुमार उर्फ मुकेश (18) लोअर वर्धमान कंपाउंड, लालपुर को दो अज्ञात बदमाशों ने रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसकी यामाहा R15 बाइक लूटकर फरार हो गए। घायल युवक को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पवन कुमार मिश्रा किशोरगंज, केशव सिंह इरगू टोली, सुखदेवनगर के रूप में हुई है।

