
रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची और हटिया की टीम ने दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14 किलो गांजा और अवैध रेल टिकट रैकेट का भंडाफोड़ किया है। हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट हटिया ने संयुक्त जांच अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर फुट ओवर ब्रिज के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 14 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग ₹7,00,000 है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयराम कुमार (25 वर्ष) और दीपक कुमार (22 वर्ष) कैमूर बिहार के रूप में हुई है।
आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह गांजा झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने सौंपा था। इसे कुदरा (बिहार) पहुंचाकर ‘बुटन’ नामक व्यक्ति को डिलीवर करना था, जिसके बदले उन्हें 5,000 मिलने वाले थे। जब्त गांजे और आरोपियों को एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी हटिया को सौंप दिया गया है।
आधार कार्ड में हेरफेर कर अवैध टिकट बेचने वाला दलाल गिरफ्तार
एक अन्य मामले में आरपीएफ की और सीआईबी की संयुक्त टीम ने हटिया रेलवे स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर छापेमारी कर एक शातिर टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। मुस्लिम अंसारी गिरिडीह का रहने वाला है। आरोपी पिछले 1-2 महीनों से अवैध रूप से तत्काल टिकटों की कालाबाजारी कर रहा था और प्रति यात्री 500 अतिरिक्त वसूलता था। आरपीएफ से बचने के लिए वह पहले अपने नाम पर तत्काल टिकट बुक कराता था। बाद में आधार कार्ड में हेरफेर कर अपनी फोटो हटाकर ग्राहक की फोटो लगा देता था ताकि यात्री यात्रा कर सकें। आरोपी के पास से 4,040 मूल्य का पारसनाथ से मुंबई का तत्काल टिकट, तीन खाली फॉर्म, एक मोबाइल और ₹820 नकद बरामद किए गए। आरोपी को रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार कर आरपीएफ पोस्ट हटिया में मामला दर्ज किया गया है।

