Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया तथा उन्हें दुर्गा पूजा के पावन उत्सव में सम्मिलित होने का विनम्र आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपके नेतृत्व में दुर्गा पूजा समितियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है और जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। सदस्यों ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा पूरी संवेदनशीलता के साथ कई बैठकें आयोजित कर उत्सव शुरू होने से पहले ही उनकी सभी समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है।
इस सकारात्मक पहल और प्रशासनिक सहयोग के लिए पूजा समितियों ने राज्य सरकार और विशेष रूप से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए साधुवाद प्रेषित किया है, साथ ही भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की अपेक्षा जताई है।


