रांची-पटना मुख्य मार्ग होगा अधिक सुरक्षित और सुगम, NHAI ने शुरू किया ये काम

रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एनएचएआई सड़क सुरक्षा और सौंदर्यीकरण कार्य तेज कर रहा है। रोड स्टड्स, एज लाइन मार्किंग और केर्ब पेंटिंग से दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं का जोखिम घटेगा।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और सुविधाजनक यातायात सुनिश्चित करने के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में परियोजना क्रियान्वयन इकाई रांची द्वारा रांची-पटना मुख्य मार्ग पर सुरक्षा और सौंदर्यीकरण का काम तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पूरे मार्ग पर रोड स्टड्स लगाने के साथ-साथ एज लाइन मार्किंग और केर्ब पेंटिंग का काम किया जा रहा है, ताकि वाहन चालकों को स्पष्ट मार्गदर्शन मिल सके।

एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने के लिए ये कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इन उपायों से सड़क का समग्र स्वरूप सुधरेगा और चालकों को बेहतर दृश्यता मिलेगी। वहीं, परियोजना निदेशक अमित रौशन ने कहा कि इन सुधारों का मुख्य उद्देश्य विशेषकर रात के समय या धुंध जैसी कम दृश्यता वाली परिस्थितियों में चालकों को सही रास्ता दिखाना और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।

सड़क पर लगाए जा रहे रोड स्टड्स रात के वक्त चालकों को सड़क की दिशा और सीमा का स्पष्ट अहसास कराएंगे। इसके अलावा एज लाइन मार्किंग से सड़क के किनारों को आसानी से पहचाना जा सकेगा और केर्ब पेंटिंग से मार्ग की दृश्यता के साथ-साथ उसकी सुंदरता भी बढ़ेगी। एनएचएआई का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।