धनबाद : सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ गोविंदपुर अंचल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सुस्निलेवा मौजा में 59 डिसमिल गैरमजरूआ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। शनिवार को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है।

मामले के अनुसार, गोविंदपुर के सुस्निलेवा मौजा संख्या 88, खाता संख्या 140 और प्लॉट संख्या 1612 की सरकारी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा ने मामले की जांच का निर्देश अंचल निरीक्षक नेहा सिंह को दिया था।

18 नवंबर को अंचल निरीक्षक नेहा सिंह ने मौके पर पहुंचकर जमीन की भौतिक एवं राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच की। जांच में जमीन गैरमजरूआ सरकारी खाते की पाई गई। इसके बाद निर्माण कार्य रोकने और अवैध रूप से बनाई गई दीवार को स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया। संबंधित लोगों को जमीन से जुड़े वैध दस्तावेज अंचल कार्यालय में प्रस्तुत करने का अवसर भी दिया गया था।
निर्धारित समय में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद शनिवार को अंचल निरीक्षक नेहा सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्रवाई की। टीम में राजस्व कर्मचारी परमेश्वर चौधरी और अमीन सूरज कुमार शामिल थे। मजदूरों की मदद से बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर 59 डिसमिल जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिकारियों के अनुसार, झारखंड लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम एवं संबंधित प्रावधानों के तहत दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई और निर्धारित शास्ति भी लगाई जा सकती है। इस कार्रवाई के बाद गोविंदपुर अंचल क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के अन्य मामलों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।


