Godda News: खुशियां मातम में बदली, तिलक समारोह से लौट रहे परिवार की बोलेरो ट्रक से टकराई

News Aroma Desk
3 Min Read
Godda News: खुशियां मातम में बदली, तिलक समारोह से लौट रहे परिवार की बोलेरो ट्रक से टकराई
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Godda News: बोकारो में आयोजित तिलक समारोह की खुशियों में शामिल होकर सगुन लेकर घर लौट रहे एक परिवार की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। गोड्डा जिले के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र के डुमरिया के पास रविवार को ट्रक और महिंद्रा बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार अजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो में मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, बोलेरो (BR 10 PB 5439) में सवार सभी लोग बोकारो में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के बाद बांका लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। वहीं, टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे खेत की ओर उतर गया। उसका चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

कटर मशीन से काटकर निकाले गए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मोतिया ओपी पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी मुकेश राउत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद कटर मशीन मंगाई गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से वाहन को काटकर सभी लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे में घायल चार लोगों को गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।

बांका और मुंगेर के रहने वाले हैं घायल

घायलों की पहचान अवधेश सिंह और चुन्ना कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो बांका जिले के चतुर्भुज गांव के निवासी हैं। वहीं, रितिक सिंह मुंगेर जिले के औराबिछा गांव के रहने वाले हैं। बोलेरो चालक उमेश मंडल धोरैया थाना क्षेत्र के पैर गांव के निवासी हैं।

थाना प्रभारी मुकेश राउत ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Share This Article