RIMS Land Scam : रिम्स जमीन घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार, 21 नवंबर को एसीबी की टीम ने रांची के तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी के आवास पर छापेमारी की। विशेष निगरानी न्यायालय, रांची के आदेश पर हुई इस कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

गोरखपुर के रहने वाले हैं वैभवमणि त्रिपाठी
एसीबी के अनुसार, वैभवमणि त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं और रांची में जिला अवर निबंधक के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। रिम्स जमीन घोटाला मामले में उन्हें अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। छापेमारी के दौरान जांच टीम ने मामले से जुड़े कई कागजात और अन्य साक्ष्य अपने कब्जे में लिए हैं।

किन धाराओं में दर्ज है मामला?
एसीबी रांची थाना में कांड संख्या 01/2026, दिनांक 5 जनवरी 2026 के तहत मामला दर्ज है। इसमें धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ी धाराएं शामिल हैं।
मामले में IPC की धारा 420, 467, 468, 471, 120(B) और 109 के साथ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत भी जांच की जा रही है।
छापेमारी में जब्त किए गए दस्तावेजों की फिलहाल गहन जांच की जा रही है। एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि रिम्स जमीन घोटाले में किन लोगों की क्या भूमिका रही और जमीन के दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी किस स्तर पर हुई।
जांच एजेंसी को उम्मीद है कि जब्त दस्तावेजों से घोटाले की अन्य कड़ियों का खुलासा हो सकता है। अब देखना होगा कि दस्तावेजों की जांच के बाद इस मामले में और किन लोगों की भूमिका सामने आती है।


