PLFI के नाम पर लेवी मांगने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार और संगठन के पर्चे बरामद

खूंटी पुलिस की संयुक्त टीम ने रनिया में छापेमारी कर पीएलएफआई के नाम पर व्यवसायियों से लेवी मांगने वाले दो अपराधियों को देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और पर्चों संग दबोचा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Khunti :  खूंटी जिले में PLFI के नाम पर व्यवसायियों से लेवी मांगने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और PLFI संगठन के तीन पर्चे बरामद किए गए हैं.

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 नवंबर को तपकारा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास स्थित एक आवासीय विद्यालय तथा 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में VKS सड़क निर्माण कार्य के दौरान अपराधियों द्वारा PLFI का पर्चा फेंककर व्यवसायियों से लेवी की मांग की गई थी. इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए खूंटी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में तपकारा, रनिया और आनंदपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी.

इसी दौरान 21 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर, केलो की ओर से रनिया आ रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू मांझी (24 वर्ष), पिता बालू मांझी तथा अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (24 वर्ष), पिता राम बागे, दोनों ग्राम केलो, थाना रनिया, जिला खूंटी के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया तथा PLFI संगठन के लिए लेवी मांगने से संबंधित घटनाओं में संलिप्तता की बात बताई. इस मामले में तपकारा थाना कांड संख्या 10/26 एवं आनंदपुर थाना कांड संख्या 20/26 में उनकी संलिप्तता सामने आई है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

इस छापेमारी अभियान में तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लू, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस, तपकारा थाना प्रभारी कैलाश उरांव सहित रनिया, तपकारा एवं आनंदपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।