रांची: रांची के सदर अस्पताल में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने बुधवार को कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के विरोध में सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले पांच महीने से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने बताया कि वे लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन वेतन नहीं मिलने से रोज का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। एक एएनएम ने कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि अस्पताल आने-जाने का किराया जुटाना भी कठिन हो रहा है। उन्होंने कहा कि हर बार अधिकारियों की ओर से जल्द भुगतान का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद भी वेतन नहीं मिला।
एनएचएम कर्मियों ने कहा कि लंबे समय से केवल आश्वासन मिल रहा है, जबकि उनकी समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सिविल सर्जन कार्यालय में ताला लगाकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि वे मरीजों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द भुगतान कराया जाएगा।


