47 लाख ‘अनमैप्ड’ मतदाताओं और ASDD सूची को तत्काल सार्वजनिक करे चुनाव आयोग, अन्यथा लोकतंत्र पर उठेंगे गंभीर सवाल : सतीश पॉल मुंजनी

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि झारखंड में सामने आए लगभग 47 लाख ‘अनमैप्ड’ मतदाताओं (नाम सहित)की पूरी सूची तत्काल अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाए तथा प्रत्येक संबंधित मतदान केंद्र (बूथ) पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि हर मतदाता स्वयं अपने नाम और स्थिति का सत्यापन कर सके।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को ASDD (Absent, Shifted, Dead, DUPLICATE) के रूप में चिह्नित किया गया है, उनकी सूची भी बिना किसी देरी के सार्वजनिक की जाए। यदि आयोग के पास सभी आंकड़े उपलब्ध हैं, तो उन्हें जनता से छिपाने का कोई औचित्य नहीं है। लोकतंत्र में पारदर्शिता ही चुनाव प्रक्रिया की सबसे बड़ी ताकत होती है। सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि चुनाव आयोग अपनी ही मार्गदर्शिका तथा पेसा अधिनियम (PESA) के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करते हुए इन सूचियों को संबंधित ग्राम सभाओं में भी पढ़वाए, ताकि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मतदाताओं को पूरी जानकारी मिल सके और किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से वंचित न रह जाए।

उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार देता है। ऐसे में यदि लाखों मतदाताओं की स्थिति अस्पष्ट बनी रहती है और संबंधित सूचियां सार्वजनिक नहीं की जाती हैं, तो चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर स्वाभाविक रूप से गंभीर प्रश्न उठेंगे। चुनाव आयोग का दायित्व केवल चुनाव संपन्न कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकार की रक्षा करना भी है।

कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि चुनाव आयोग बिना किसी विलंब के 47 लाख ‘अनमैप्ड’ मतदाताओं तथा ASDD चिह्नित मतदाताओं की सूची सार्वजनिक करे, बूथ स्तर पर प्रदर्शित करे और ग्राम सभाओं में पढ़वाने की व्यवस्था सुनिश्चित करे। लोकतंत्र में पारदर्शिता से पीछे हटना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।