
‘बाहुबली’ और ‘आरआरआर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद निर्देशक एसएस राजामौली अपनी अगली मेगा बजट फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं। अपनी शानदार विजुअल स्टोरीटेलिंग और हर फ्रेम पर बारीकी से काम करने के लिए मशहूर राजामौली इस बार तेलुगु सुपरस्टार महेश बाबू के साथ एक भव्य एक्शन एडवेंचर फिल्म बना रहे हैं। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रियंका चोपड़ा की होगी भारतीय सिनेमा में वापसी
‘वाराणसी’ की सबसे खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं। पिछले कुछ वर्षों से हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में व्यस्त प्रियंका अब राजामौली की इस महत्वाकांक्षी फिल्म का हिस्सा हैं। हाल ही में राजामौली पेरिस में फिल्म की पहली झलक पेश कर भारत लौटे हैं और अब उन्होंने अगले शूटिंग शेड्यूल की तैयारियां तेज कर दी हैं।
7 जुलाई से शुरू होगा मेगा एक्शन शेड्यूल
फिल्म का अगला शेड्यूल 7 जुलाई से हैदराबाद में शुरू होगा। इस दौरान फिल्म का एक बेहद अहम और बड़े पैमाने पर तैयार किया गया एक्शन सीक्वेंस शूट किया जाएगा। राजामौली अपने भव्य एक्शन दृश्यों और तकनीकी उत्कृष्टता के लिए जाने जाते हैं, इसलिए दर्शकों को इस फिल्म से भी बड़े पर्दे पर एक शानदार सिनेमाई अनुभव की उम्मीद है।

