‘मैं कभी फिल्म इंडस्ट्री नहीं छोड़ूंगा’— सनी देओल ने बताया क्यों आज भी एक्टिंग से है बेइंतहा प्यार

Manu Shrivastava
5 Min Read
इक्का में नजर आएंगे सनी देओल
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल एक बार फिर कोर्टरूम ड्रामा में दमदार अंदाज में नजर आने वाले हैं। नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘इक्का’ में वह वकील का किरदार निभा रहे हैं। मुंबई में आयोजित फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सनी ने बताया कि ‘दामिनी’ (1993) के बाद उन्हें इस तरह का किरदार निभाने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ‘दामिनी 2’ बनाने की भी योजना थी, लेकिन वह पूरी नहीं हो सकी। जैसे ही ‘इक्का’ की कहानी उनके पास आई, उन्होंने तुरंत इसे करने का फैसला लिया। यह फिल्म 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

‘तारीख पर तारीख’ आज भी दिलों में जिंदा

सनी देओल ने ‘दामिनी’ की यादें साझा करते हुए कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि फिल्म में उनका रोल छोटा है, लेकिन कहानी और किरदार ने उन्हें आकर्षित किया। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनका निभाया वकील और उसका मशहूर संवाद “तारीख पर तारीख” भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार डायलॉग्स में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के लिए सबसे बड़ी खुशी किसी किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाना होती है, क्योंकि यह पहले से तय नहीं होता कि कौन-सा किरदार दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए बस जाएगा।

तुलना से नहीं, किरदार से होता है लगाव

‘दामिनी’ और ‘इक्का’ में निभाए गए वकील के किरदारों की तुलना पर सनी ने साफ कहा कि वह कभी तुलना के बारे में नहीं सोचते। उनके अनुसार, कलाकार का काम केवल अपने किरदार को पूरी निष्ठा से निभाना होता है। उन्होंने कहा कि शूटिंग खत्म होने के बाद अक्सर उन्हें लगता है कि कुछ और बेहतर किया जा सकता था, लेकिन जब दर्शक फिल्म और अभिनय की सराहना करते हैं तो संतोष मिलता है। उनके लिए हर नई फिल्म एक नया अनुभव और सीख लेकर आती है।

ओटीटी के जरिए दुनिया भर तक पहुंचने की चाह

सनी देओल ने अपने ओटीटी डेब्यू को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वर्षों से दर्शकों ने उन्हें अलग-अलग किरदारों में पसंद किया है और यही प्यार उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह कभी फिल्म इंडस्ट्री नहीं छोड़ेंगे। उनके मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अब दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचना आसान हो गया है और वह हमेशा से चाहते थे कि उनकी फिल्में वैश्विक दर्शकों तक पहुंचें। ‘इक्का’ उनके इस सपने को पूरा करने की दिशा में अहम कदम है।

अक्षय खन्ना संग दोबारा बनेगी शानदार जोड़ी

साल 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बार्डर’ के बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना एक बार फिर ‘इक्का’ में साथ नजर आएंगे। इस पर सनी ने कहा कि समय के साथ कलाकार का सफर बदलता रहता है, लेकिन मेहनत कभी नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने अक्षय खन्ना की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वह जितनी लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं, उसके वह उससे भी ज्यादा हकदार हैं। सनी का मानना है कि प्रतिभा और मेहनत का सम्मान समय जरूर करता है।

‘गदर’ पर भी उठे थे सवाल, लेकिन दर्शकों ने दिया जवाब

बातचीत के दौरान सनी देओल ने ‘गदर’ को लेकर भी पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि फिल्म रिलीज होने से पहले कई लोगों ने इसे ‘पंजाबी फिल्म’ कहकर कम आंका था और यहां तक कहा था कि इसे डब किया जाना चाहिए। लेकिन दर्शकों ने फिल्म को ऐतिहासिक सफलता दिलाकर सभी धारणाएं बदल दीं। सनी ने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। वह पंजाब से हैं, इसलिए उनके किरदारों में स्वाभाविक रूप से पंजाबीपन नजर आता है, लेकिन उनकी कहानियां पूरे देश के दर्शकों से जुड़ती हैं। यही वजह है कि वह आज भी पूरे समर्पण के साथ फिल्मों में काम करते रहना चाहते हैं।

Share This Article