
अगर आप इस वीकेंड परिवार या दोस्तों के साथ सिनेमाघर जाने की योजना बना रहे हैं, तो 3 जुलाई 2026 आपके लिए खास रहने वाला है। इस शुक्रवार बड़े पर्दे पर एक्शन, स्पाई थ्रिलर, एडवेंचर और साइकोलॉजिकल मर्डर मिस्ट्री जैसी अलग-अलग जॉनर की कई बड़ी फिल्में रिलीज हो रही हैं। आइए जानते हैं इस सप्ताह थिएटर में कौन-कौन सी फिल्में दस्तक दे रही हैं।
‘अल्फा’
आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, अनिल कपूर, बॉबी देओल और ऋतिक रोशन अभिनीत ‘अल्फा’ इस हफ्ते की सबसे चर्चित रिलीज है। वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित फिल्म में दो महिला जासूस एक खतरनाक मिशन पर निकलती हैं, जबकि ऋतिक रोशन उनके मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है।
‘नागाबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर’
एक्शन और एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए ‘नागाबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर’ शानदार विकल्प हो सकती है। अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत के प्राचीन विष्णु मंदिरों और रहस्यमयी ‘नागाबंधम’ अनुष्ठान पर आधारित है। फिल्म हिंदी, तेलुगू, कन्नड़ समेत कई भाषाओं में रिलीज होगी।
‘बेबी डू डाई डो’
हुमा कुरैशी अभिनीत ‘बेबी डू डाई डो’ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर और मर्डर मिस्ट्री है। फिल्म में हुमा एक मूक-बधिर कॉन्ट्रैक्ट किलर की भूमिका निभा रही हैं, जिसकी जिंदगी कई रहस्यमयी घटनाओं से जुड़ी है। इसका निर्देशन नचिकेता सामंत ने किया है।

