NH-220 पर आधी रात का खौफनाक हादसा: हाइवा-ट्रेलर की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, दो चालकों की जिंदा जलकर मौत

सरायकेला-खरसावां के NH-220 पर हाइवा और ट्रेलर की भीषण टक्कर के बाद लगी आग में दो चालकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। हादसे के बाद फोरलेन की मांग तेज हुई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सरायकेला-खरसावां: राजनगर-चाईबासा NH-220 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रोला-खैरबनी मोड़ के पास रात करीब एक बजे हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो चालक जिंदा जल गए। जिसमें एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक को गंभीर हालत में चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।

एक हादसे में चार भारी वाहन आए चपेट में

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। दोनों वाहनों में आग फैलने के दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी आपस में भिड़ गए और सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों ट्रेलर चालक घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है। कुछ ही मिनटों के भीतर चार भारी वाहन इस हादसे की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

हादसे की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने NH-220 को जल्द फोरलेन बनाने की मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार रहती है, लेकिन सड़क संकरी होने की वजह से आए दिन गंभीर सड़क हादसे होते हैं। लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से सड़क का जल्द चौड़ीकरण कराने और स्थायी सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।