
रांची: रिम्स-2 परियोजना को लेकर झारखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता मृदुल राज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता नहीं देती और विकास कार्यों में बाधा डालने की कोशिश करती है। मृदुल राज ने कहा कि जब भी झारखंड में जनहित से जुड़ी कोई बड़ी योजना शुरू होती है, भाजपा उसे रोकने के लिए नए-नए तरीके तलाशने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब रिम्स-2 जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना को प्रभावित करने के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का भी राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए कहा कि आखिर उसका विरोध किससे है? क्या झारखंड के गरीब मरीजों से, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से या राज्य के विकास से? मृदुल राज ने कहा कि जिस परियोजना से लाखों लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकती हैं, उसे विवादों में डालना जनता के हितों के खिलाफ है।
आयोग की आपत्तियों को लेकर भाजपा से सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग भी एक संवैधानिक संस्था है। अगर आयोग की आपत्तियां इतनी गंभीर हैं तो भाजपा को बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने अब तक उनका समाधान क्यों नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं आयोग की आपत्तियों का इस्तेमाल केवल झारखंड सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए तो नहीं किया जा रहा है।
संवैधानिक संस्थाओं के इस्तेमाल पर उठाए सवाल
मृदुल राज ने कहा कि संवैधानिक संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूती का आधार होती हैं। उनका राजनीतिक इस्तेमाल लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर उस योजना का विरोध करती है, जिससे झारखंड मजबूत हो, आम लोगों को सुविधा मिले और राज्य विकास की राह पर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि यह विकास की राजनीति नहीं, बल्कि विकास को रोकने की राजनीति है।
पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है परियोजना: कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड सरकार संविधान और कानून के दायरे में पूरी पारदर्शिता के साथ रिम्स-2 परियोजना को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में राजनीति करने के बजाय सभी दलों को सहयोग करना चाहिए। मृदुल राज ने कहा कि भाजपा को यह तय करना होगा कि वह झारखंड के विकास के साथ खड़ी है या विकास में बाधा डालने वालों के साथ। उन्होंने कहा कि रिम्स-2 परियोजना हर हाल में बनेगी, क्योंकि यह किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि झारखंड के करोड़ों लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।

