
शूटिंग चैंपियनशिप में ताशा झा का शानदार प्रदर्शन, जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
गुमला: रांची के खेलगांव में आयोजित तीसरी रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में दोहरे पदक जीतकर गुमला का नाम रोशन करने वाली कैडेट ताशा झा को गुमला जिला प्रशासन ने बुधवार को सम्मानित किया। एकलव्य राइफल शूटिंग क्लब, रांची की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेते हुए ताशा ने .22 राइफल 25 मीटर जूनियर महिला प्रोन स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की थी।
इस गौरवपूर्ण सफलता पर गुमला के डीसी दिलेश्वर महत्तो ने ताशा झा को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी इस असाधारण उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गुमला जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ताशा जिला प्रशासन के साथ-साथ क्षेत्र के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरी हैं। ताशा झा वर्तमान में 46 झारखंड बटालियन एनसीसी की सीनियर विंग कैडेट हैं तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, गुमला की पूर्व छात्रा हैं। उनकी सफलता से जिले के खेल प्रतिभाओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

