

Jan Shikayat Samadhan : आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से बुधवार को बुढ़मू थाना परिसर में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके जल्द निष्पादन के निर्देश दिए।





कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी के साथ पुलिस उपाधीक्षक राम नारायण चौधरी, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा और ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार भी मौजूद रहे। बुढ़मू और ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार इस तरह के जन शिकायत समाधान कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी पहले से समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनना, निष्पक्ष जांच कराना और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करना है। साथ ही उन्होंने लोगों से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी देने की अपील की।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि आम लोग अपनी शिकायत थाना पहुंचकर सीधे दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा फोन कॉल या व्हाट्सएप नंबर 9431706190 के माध्यम से भी शिकायत भेजी जा सकती है। थाना परिसर में रखी शिकायत पेटी में आवेदन डालकर भी अपनी समस्या दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।
