
रांची : नई दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर कंसलटेशन में जिसने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को देखा। उनके स्टाइलिश लुक से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सका। आमतौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कुर्ता पैजाम और पैंट शर्ट पहनकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं। लेकिन दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में अपने स्टाइलिश लुक से वे छा गए। उन्होंने अपने गले में खांटी झारखंडी गमछा स्टाइलिश अंदाज में बांध रखा था।
यह उनके व्यक्तित्व को तो आकर्षक बना ही रहा था, पूरी दुनिया में झारखंड की सोहराई कला की खूबसूरत झांकी भी प्रस्तुत कर रहा था। उनके गमछे में झारखंड की सोहराई कला से सजी तस्वीरें झलक रही थीं।यह गमछा और गमछे को धारण करने का अनूठा स्टाइल उनके व्यक्तित्व को नयी आभा दे रहा था। इस कार्यक्रम में उन्होंने साफ किया कि झारखंड की नयी पहचान सिर्फ माइंस नहीं बल्कि माइंड्स से होगी। दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर कंसलटेशन निश्चित रुप से झारखंड में निवेश के नये द्वार खोलेगा। निवेश के साथ इस कार्यक्रम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्टाइल स्टेटमेंट को लेकर चर्चाएं भी छेड़ दी हैं।

