
रामगढ़ : रामगढ़ जिले के चुट्टूपालू घाटी में एक खतरनाक सड़क दुर्घटना हुई। लकड़ी से भरा एक ट्रक संतुलन खोकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। इस हादसे में वाहन चालक अंदर ही फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तत्काल वाहन चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, लकड़ी से भरा ट्रक रांची से हजारीबाग की ओर जा रहा था। इसी बीच सड़क में मोड़ होने के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक अंदर ही फंस गया।
जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों ने भी मदद करते हुए चालक को निकालने की कोशिश की। पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मेहनत के बाद चालक को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
रामगढ़ की घाटी में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस प्रशासन ने घाटी में ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित किए हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। फिर भी सड़क दुर्घटनाएं कम नहीं हो रही हैं।

