
रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकारी गाड़ी को वापस कर दी है। जानकारी के अनुसार मंत्री के रूप में आवंटित फॉर्च्यूनर उन्होंने लौटा दिया है। बताया जा रहा है कि अंगरक्षकों और सुरक्षा व्यवस्था में लगी गाड़ियों के बाद अब मंत्री के रूप में मिली सरकारी फॉर्च्यूनर भी वापस कर दी है। इस कदम के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद वित्त सचिव प्रशांत कुमार मंत्री के पास पहुंचे और लगभग एक घंटे से उन्हें मनाने का प्रयास कर रहे हैं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर पिछले कुछ दिनों से व्यवस्था को लेकर नाराज बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस मामले में मंत्री की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

