100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के तहत हाई रिस्क गांव में लगाया गया जांच शिविर, 110 लोगों की स्क्रीनिंग

रांची के उलीडीह में 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के तहत विशेष जांच शिविर लगा, 110 लोगों की स्क्रीनिंग हुई और दो संभावित टीबी मरीजों की पहचान हुई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राष्ट्रीय यक्ष्मा रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को रांची के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उलीडीह के अधीन चिन्हित हाई रिस्क गांव में विशेष टीबी स्क्रीनिंग एवं जांच शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. एस. बास्की के मार्गदर्शन में लगाया गया।

शिविर के दौरान कुल 110 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग के आधार पर 52 संभावित मरीजों का हैंड एक्स-रे किया गया, जिनमें 30 पुरुष और 22 महिलाएं शामिल थीं। जांच के बाद दो संभावित टीबी मरीजों की पहचान की गई। इन दोनों को आगे की पुष्टि के लिए स्प्यूटम (बलगम) जांच हेतु कंटेनर उपलब्ध कराया गया, ताकि समय पर जांच पूरी कर आवश्यक उपचार शुरू किया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में मौजूद लोगों को टीबी के लक्षण, समय पर जांच कराने और उपचार का पूरा कोर्स करने के महत्व के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि टीबी का जल्द पता लगने और नियमित इलाज से इस बीमारी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। शिविर के सफल संचालन में डीपीसी राकेश राय, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, एसटीएस, एसटीएलएस, एक्स-रे तकनीशियन, सहिया और सहिया साथियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की जांच कर टीबी मुक्त समाज बनाने की अपील की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।