
खूंटी : खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र के तिलमा गांव में देवर और भाभी के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों के शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सागर पाहन और रंदाय टूटी के रूप में हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी।
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि महिला का पति परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी निभाने के लिए बाहर रहकर काम करता था। हाल ही में उसके घर लौटने के बाद परिवार में विवाद हुआ। इसके बाद देवर और भाभी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही मारंगहादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

