रांची: राजधानी रांची में अरगोड़ा अंचल के राजस्व कर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप गोसाई, अमित टोप्पो उर्फ अमित गोसाई और सिंटु कुमार गोसाई के रूप में हुई है।
जमीन विवाद और नामांतरण से जुड़ा है हत्या का मामला
पुलिस की जांच में सामने आया है कि जमीन के दाखिल-खारिज और नामांतरण से जुड़े मामलों में प्रतिकूल जांच रिपोर्ट दिए जाने से आरोपी नाराज थे। इसी नाराजगी में लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

23 अक्टूबर की रात घर में घुसकर की गई हत्या
जांच के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच आरोपी घर में घुसे और लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था।

एसआईटी ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को दबोचा
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस हत्याकांड में अन्य अज्ञात आरोपियों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।


