विशेष विमान से दिल्ली गए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, इंडिया ब्लॉक की रैली में लेंगे हिस्सा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ दिल्ली रवाना हुए। एक नवंबर को रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली में शामिल होंगे।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ विशेष विमान से रांची से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक सीएम हेमंत सोरेन नई दिल्ली में एक नवंबर को आयोजित होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली में शामिल होंगे। इंडिया ब्लॉक की ओर से रामलीला मैदान में वोट बचाओ- देश बचाओ महारैली का आयोजन किया गया है। हेमंत सोरेन इस रैली में शामिल होंगे। ये रैली एसआईआर में हो रही कथित धांधली और गड़बड़ी के विरोध में बुलाई गई है। इस मामले को लेकर झारखंड में 25 और 26 नवंबर से विधानसभा का विशेष सत्र भी होना है।

हेमंत सोरेन दिल्ली रवाना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनकी पत्नी और मुख्य सचिव अविनाश कुमार और सुरक्षा पदाधिकारी अजय कुमार भी विशेष विमान से दिल्ली रवाना हुए हैं। संभावना ये भी जताई जा रही है कि दिल्ली से सीधे मुख्यमंत्री सिंगापुर भी जा सकते हैं, क्योंकि वहां उनके छोटे भाई और दुमका के विधायक बसंत सोरेन का इलाज चल रहा है। माता के निधन के बाद इसी वजह से सीएम के छोटे भाई अंतिम संस्कार में शामिल होने नेमरा नहीं पहुंचे थे। हाल में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से और जेडीयू नेता सरयू राय ने एक्स पर पोस्ट कर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की थी।

पत्नी कल्पना सोरेन के साथ रवाना

उधर, हेमंत सोरेन के साथ झारखंड सरकार में शामिल कांग्रेस के प्रदेश नेता भी नई दिल्ली की रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो चुके हैं। कांग्रेस नेता और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने कई बसों से अपने समर्थकों को रवाना किया था। कांग्रेस झारखंड से इस रैली के लिए 12 हजार से ज्यादा लोगों को दिल्ली भेज चुकी है। ध्यान रहे कि इस महारैली का आयोजन राहुल गांधी की देख- रेख में किया जा रहा है। उन्होंने लगातार सोशल मीडिया पर इसे लेकर पोस्ट डाला है। उन्होंने इसे हर भारतीय का आंदोलन करार दिया है।

राहुल गांधी और रामलीला मैदान रैली का प्लान

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि बारिश के कारण आज होने वाला मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अब यह कार्यक्रम शनिवार को इसी समय आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली और मार्च होगा, जिसमें राजनीतिक दलों के अलावा आम नागरिक, कारोबारी, नौकरीपेशा लोग, छात्र, पत्रकार और सिविल सोसायटी से जुड़े लोग भी शामिल हो सकते हैं। इस आंदोलन में सभी लोग साथ हैं। सिविल सोसायटी, छात्रों, युवाओं, मजदूरों और गृहिणियों सहित हर वर्ग के लोगों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।