जामताड़ा : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने शुक्रवार को जामताड़ा परिसदन में संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय बैठक कर संगठन की मजबूती की रणनीति तैयार की। बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी सहित प्रमंडल के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक में सुदेश महतो ने बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान में तेजी, युवा संगठन की सक्रियता और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने सभी प्रखंडों में जल्द सम्मेलन आयोजित करने तथा जनसंपर्क बढ़ाने का निर्देश दिया। इस दौरान 27 प्रखंड प्रभारियों की घोषणा की गई। नवनियुक्त प्रभारियों को बधाई देते हुए उन्होंने पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

बैठक में नवंबर में प्रस्तावित संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। सुदेश महतो ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का निर्देश दिया।


