गुमला: शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुमला सदर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूथरन स्कूल के पीछे टुकुटोली स्थित एक सुनसान और खंडहरनुमा भवन में छापेमारी कर युवक को पकड़ा। उसकी पहचान कुम्हार ढलान निवासी नंदलाल साहू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.67 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
गुप्त सूचना पर बनाई गई विशेष टीम
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि टुकुटोली के खंडहरनुमा भवन में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। इसके बाद थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और नंदलाल साहू को गिरफ्तार कर लिया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
छापेमारी के दौरान युवक के पास से 1.67 ग्राम ब्राउन शुगर मिलने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।



