
रांची: झारखंड ऊर्जा विकास निगम के अंतर्गत राज्य के विभिन्न सप्लाई एरिया बोर्ड में कार्यरत मानव दिवस एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों की सुरक्षा पर गहरा रोष जताते हुए झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने निगम प्रबंधन और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राज्यभर में निगम के कर्मचारी लगातार दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग और संबंधित एजेंसियां संवेदनहीन बनी हुई हैं।
हाल के दिनों में आधा दर्जन से अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें कई कर्मचारियों की जान चली गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद पीड़ित परिवारों को समय पर मुआवजा या आर्थिक सहयोग नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को यदि समय पर निर्धारित सेफ्टी किट, सुरक्षा उपकरण और उचित प्रशिक्षण दिया जाता, तो कई जिंदगियों को बचाया जा सकता था। बिना सुरक्षा मानकों के जोखिम भरे कार्य कराना अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सभी हालिया दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई हो। वहीं मृतक और घायल कर्मियों के परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा और सहायता दी जाए। सभी सप्लाई एरिया बोर्ड में कार्यरत कर्मचारियों के लिए सुरक्षा किट और मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। अजय राय ने चेतावनी दी है कि यदि निगम प्रबंधन और राज्य सरकार ने इन मांगों पर शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो संघ श्रमिक हित में राज्यव्यापी व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।

