
गर्मियों में तेज धूप, पसीना और प्रदूषण का असर सबसे ज्यादा बालों पर पड़ता है। इससे बाल रूखे, बेजान और कमजोर होने लगते हैं। ऐसे में एलोवेरा एक बेहतरीन प्राकृतिक उपाय साबित हो सकता है। इसमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट बालों को गहराई से पोषण देने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं एलोवेरा से बने कुछ आसान और असरदार हेयर मास्क के बारे में।
एलोवेरा, शहद और नारियल तेल हेयर मास्क
यह हेयर मास्क स्कैल्प को पोषण देने, डैंड्रफ कम करने और बालों की ग्रोथ बढ़ाने में मदद कर सकता है। इसके लिए 2 चम्मच एलोवेरा जेल, 2 चम्मच शहद, 2 चम्मच नारियल तेल और 1 चम्मच नींबू का रस मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे बालों पर 30 मिनट तक लगाकर रखें और फिर धो लें।
एलोवेरा और दही का हेयर मास्क
दही और एलोवेरा का मिश्रण बालों को नमी देने और रूखेपन को कम करने में मदद करता है। 3-4 चम्मच एलोवेरा जेल में 2 बड़े चम्मच दही मिलाकर स्कैल्प और बालों पर लगाएं। 30 से 40 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।
एलोवेरा और प्याज का रस
बाल झड़ने की समस्या से परेशान लोगों के लिए यह मास्क फायदेमंद माना जाता है। 4 चम्मच प्याज के रस में 2 चम्मच एलोवेरा जेल मिलाकर स्कैल्प पर लगाएं और हल्की मसाज करें। लगभग एक घंटे बाद शैंपू से बाल धो लें।
एलोवेरा और मेथी का हेयर पैक
रातभर भिगोई हुई मेथी को पीसकर उसमें 2-3 चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। इस मिश्रण को बालों पर लगाकर एक घंटे बाद धो लें। यह बालों को मजबूत और घना बनाने में मदद कर सकता है।
एलोवेरा, केले और तेलों का पोषण
केले और एलोवेरा का हेयर मास्क बालों को मुलायम बनाने में मदद करता है। वहीं एलोवेरा, अरंडी का तेल और ऑलिव ऑयल का मिश्रण बालों को हाइड्रेट कर उन्हें सिल्की और चमकदार बना सकता है।
रूसी और खुजली के लिए एलोवेरा-विनेगर मास्क
एलोवेरा जेल, एप्पल साइडर विनेगर और शहद का मिश्रण स्कैल्प की खुजली, रूसी और पपड़ी की समस्या को कम करने में सहायक हो सकता है। इसे 20 मिनट तक लगाकर रखने के बाद बाल धो लें।

